
विप्र फाउंडेशन की अप्रवासी भारतीयों की सहयोगी संस्था ispac जापान चैप्टर द्वारा आज चिरंजीवी भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव दक्षिण एशियाई देश जापान की धरती पर बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
इस पावन अवसर पर इबारकी प्रांत में स्थित श्रीराम मंदिर में चैप्टर के सभी सदस्यों द्वारा विशेष पूजा अर्चना करने के साथ श्री परशुराम जी के शिक्षा और आदर्शों को जापान में रह रहे सभी हिन्दू सनातनियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विप्र एकता का संकल्प लेते हुए सभी विप्र बन्धुओं द्वारा परशुराम जी के चित्र पर पुष्प और फ़ल अर्पित कर मालार्पण किया गया।
इस अवसर पर Ispac जापान चैप्टर के अध्यक्ष श्री राज शर्मा जी की अगुवाई में जापान चैप्टर के सभी संस्थापक सदस्यों सहित अन्य नए सदस्यों का स्नेह मिलन और स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री राज शर्मा जी ने भगवान परशुराम के आदर्शों को मूल जीवन में उतारने और ब्राह्मण एकता पर जोर दिया।
वहीं चैप्टर के उपाध्यक्ष नितिन तिवारी ने विप्र फाउंडेशन के संस्थापक सुशील ओझा जी और ispac की चेयर पर्सन डॉ हर्षा त्रिवेदी जी को विशेष साधुवाद देते हुए भगवान परशुराम जयंती की महत्ता पर अपनी बात रखी इसी के साथ चैप्टर के मुख्य सचिव और कोषाध्यक्षक मनोज गौड़ जी ने भगवान परशुराम जी के आदर्शों और शिक्षाओं पर सहज भाव से प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी विप्र बधुओं को भगवान परशुराम के आदर्शों से अवगत करवाया। वहीं चैप्टर के अन्य संस्थापक सदस्य नितेश शर्मा जी ने भी अपने विचार प्रकट करते हुए भगवान परशुराम की अलौकिक शक्तियों की व्याख्या की।
कार्यक्रम में सदस्य आनंद गौड़ ने भी भगवान परशुराम जयंती पर सभी व्यवस्थाओं में अपना अमूल्य योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने जापान के अलग अलग प्रांतों से आए बड़ी संख्या में उपस्थित सभी ब्राह्मण बंधुओं और उनके परिवारों को विशेष धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया और निकट भविष्य में यथासंभव हुआ तो भगवान परशुराम जी के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प भी लिया।